आमरण अनशन के 10 वर्ष पूरे होने पर मजदूरों को बांटी मिठाई, धनंजय पुटूस ने साझा की आंदोलन की यादें

Spread the love

नए अत्याधुनिक अस्पताल भवन के निर्माण में जुटे श्रमिकों को फूल देकर किया सम्मानित

रामगढ़ कैंट, झारखंड :  रामगढ़ शहर स्थित पुराने सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बहाली को लेकर वर्ष 2016 में किए गए आंदोलन के 10 वर्ष पूरे होने पर पुराने सदर अस्पताल परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता धनंजय कुमार पुटूस ने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नए अत्याधुनिक भवन में काम कर रहे श्रमिकों को फूल देकर और मिठाई खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

दरअसल, छत्तरमांडू में नए सदर अस्पताल का निर्माण शुरू होने के बाद रामगढ़ शहर स्थित पुराने सदर अस्पताल को बंद कर दिया गया था। इसके कारण शहर और आसपास के इलाकों की बड़ी आबादी को इलाज एवं स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

जनता की इस समस्या को लेकर वर्ष 2016 में धनंजय कुमार पुटूस ने गैर-राजनीतिक संगठन रामगढ़ बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले पुराने सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं पुनः शुरू कराने की मांग को लेकर आमरण अनशन शुरू किया था। आंदोलन के दौरान “अस्पताल दो या मौत दो” का नारा दिया गया था।

आंदोलन को शहर के हजारों नागरिकों का समर्थन मिला। लगातार चले संघर्ष के बाद प्रशासन ने मांग को गंभीरता से लेते हुए पुराने सदर अस्पताल में दोबारा स्वास्थ्य व्यवस्था बहाल करने की पहल की। तत्कालीन एसडीओ किरण कुमारी पासी ने धनंजय कुमार पुटूस को जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया था।

आंदोलन की सफलता के 10 वर्ष पूरे

इसी आंदोलन के एक दशक पूरा होने पर आयोजित कार्यक्रम में धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि वर्ष 2016 में किया गया संघर्ष किसी राजनीतिक उद्देश्य के लिए नहीं, बल्कि आम लोगों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर था। उन्होंने कहा कि आंदोलन के परिणामस्वरूप पुराने सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं पुनः शुरू हुईं और इसका लाभ शहर एवं आसपास के लोगों को मिला।

उन्होंने कहा कि अब पुराने अस्पताल परिसर में अत्याधुनिक अस्पताल भवन का निर्माण हो रहा है। भवन के तैयार होने के बाद लोगों को पहले की तुलना में बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान निर्माण कार्य में जुटे श्रमिकों को मिठाई खिलाकर और फूल देकर सम्मानित किया गया। मौके पर सुरेंद्र राम, अजय कुमार, सिकंदर सोनी, पिंटू मालाकार, अमर बोदरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।