नगर परिषद के कार्यों की उपायुक्त ने की समीक्षा, 30 सितंबर तक कचरा हटाने का निर्देश

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  नगर परिषद रामगढ़ क्षेत्र में संचालित विकास, स्वच्छता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर शनिवार, 12 सितंबर 2026 को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त सभागार में आयोजित बैठक में विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में सबसे पहले पुराने कचरे के निष्पादन एवं स्थानांतरण की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि पुराने कचरे को हटाकर निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित करने का कार्य हर हाल में 30 सितंबर 2026 तक पूरा किया जाए। साथ ही आठ एकड़ भूमि की चारदीवारी निर्माण के लिए सीमांकन का कार्य भी जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया गया।

कचरा संग्रहण के लिए मार्ग-चार्ट तैयार करने का निर्देश

स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से उपलब्ध कराए गए सभी वाहनों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा। नगर परिषद के सभी कचरा संग्रहण एवं सफाई वाहनों के लिए मार्ग-चार्ट तैयार कर उसे प्रतिदिन अद्यतन करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि इससे प्रत्येक वार्ड में वाहनों की नियमित आवाजाही और कचरा संग्रहण की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी।

बैठक में संबंधित एजेंसी की ओर से बताया गया कि चारदीवारी निर्माण से संबंधित कार्य आगामी 10 दिनों के भीतर शुरू कर दिया जाएगा। इस पर उपायुक्त ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य शुरू कराने तथा गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

आयुष्मान आरोग्य केंद्र और आवास योजना के अभिलेखों की जांच

उपायुक्त ने दोनों नगर प्रबंधकों एवं नगर मिशन प्रबंधक को समय-समय पर आयुष्मान आरोग्य केंद्र एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों से संबंधित अभिलेखों एवं पत्रावलियों की जांच करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए। साथ ही बिचौलियों की भूमिका को पूरी तरह समाप्त करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

15 मजदूरों से पार्क और समाहरणालय परिसर की नियमित सफाई

बैठक में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास मद से नगर परिषद रामगढ़ को उपलब्ध कराए गए 15 मजदूरों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने इन मजदूरों के माध्यम से पार्क, समाहरणालय परिसर सहित संबंधित क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।

सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था की भी हुई समीक्षा

बैठक में सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था एवं संचालन की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित प्रतिनिधि एवं एजेंसी को आगामी बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर शौचालयों की व्यवस्था एवं संचालन से संबंधित अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

जलापूर्ति योजना में तेजी लाने का निर्देश

जलापूर्ति योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने कार्य में अपेक्षित तेजी लाने तथा संबंधित एजेंसी एवं विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया।

एजेंसी की ओर से विद्युत विभाग से संबंधित लंबित कार्यों की जानकारी दी गई। इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने तथा आवश्यक आवेदन एवं प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

जिला खनिज फाउंडेशन न्यास के प्रथम चरण के कार्यों की समीक्षा

बैठक में जिला खनिज फाउंडेशन न्यास के प्रथम चरण के अंतर्गत पूर्ण किए गए कार्यों की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि प्रथम चरण का उद्घाटन किया जा चुका है। उपायुक्त ने पूर्ण कार्यों से संबंधित भुगतान के लिए आवश्यक संचिका एवं प्रक्रियाओं को नियमानुसार शीघ्र आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ऋतुराज ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को नगर परिषद क्षेत्र में संचालित सभी योजनाओं एवं कार्यों की नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास एवं स्वच्छता से जुड़े कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।