रामगढ़ जिला स्थापना दिवस पर विधायक ममता देवी ने जिलेवासियों को दी बधाई

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :रामगढ़ जिला स्थापना दिवस के अवसर पर रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती ममता देवी ने जिलेवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रामगढ़ अपनी समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक विरासत और मेहनतकश लोगों के कारण अलग पहचान रखता है।,

विधायक ममता देवी ने कहा कि रामगढ़ विकास की नई राह पर लगातार आगे बढ़ रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, खेल, पर्यटन और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने जिले में हो रहे विकास कार्यों और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में विकास की गति को और तेज करने का प्रयास जारी रहेगा।

उन्होंने बताया कि प्रखंडों में भवनों और कर्मचारियों के आवास की कमी दूर करने की दिशा में निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। गोला डिग्री कॉलेज का निर्माण, भैरवी जलाशय में वर्षों से लंबित नहर कार्य को दोबारा शुरू कराने तथा जिले की विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण की दिशा में कार्य हुआ है।

रामगढ़ टाउन हॉल, सिद्धू-कान्हू स्टेडियम, गोला डेली मार्केट के आधुनिकीकरण और रामगढ़ बस स्टैंड के आधुनिकीकरण की दिशा में भी कार्य किए जा रहे हैं। वहीं रामगढ़ मेडिकल कॉलेज के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होने को उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।

विधायक ने कहा कि रजरप्पा मंदिर के करोड़ों रुपये की लागत से सुंदरीकरण, जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण से पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं। रामगढ़ कैंट में स्टेडियम एवं सामुदायिक भवन के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होने तथा जिले में आवासीय खेल प्रशिक्षण और खेल बैंक की शुरुआत को भी उन्होंने महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण के साथ विद्यालयों में आधारभूत संरचना और खेल मैदानों के निर्माण पर भी काम किया जा रहा है। चितरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ निर्माण तथा पटेल चौक से सांडी फोर लेन तक सड़क के सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में भी पहल हुई है।

स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए ममता देवी ने कहा कि रामगढ़ सदर अस्पताल में डायलिसिस, ब्लड बैंक, ऑक्सीजन प्लांट और आधुनिक चिकित्सीय सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके अलावा बार काउंसिल भवन के निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है।

विधायक ममता देवी ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी, रोजगार, खेल और पर्यटन सहित प्रत्येक क्षेत्र में रामगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना उनका संकल्प है। जिले के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में रामगढ़ को और अधिक विकसित एवं सशक्त बनाने की दिशा में कार्य जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि जिला स्थापना दिवस अपने जिले की उपलब्धियों को याद करने के साथ-साथ भविष्य के विकास का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने जिलेवासियों से आह्वान किया कि सभी मिलकर रामगढ़ को विकसित, समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

रामगढ़ आगे बढ़ रहा है, विकास की नई राह पर