महिला कर्मचारियों के लिए कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न रोकथाम प्रशिक्षण आयोजित

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड  :  कार्यस्थल पर महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एचएएसपी के केंद्रीय प्रशिक्षण सभागार में सभी महिला कर्मचारियों के लिए कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान महिला कर्मचारियों को कार्यस्थल पर सुरक्षित एवं गरिमापूर्ण वातावरण में काम करने के अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत की स्थिति में आंतरिक समिति से संपर्क कर अपनी बात रखने का अधिकार है।

कार्यक्रम के दौरान आंतरिक समिति के सभी सदस्यों का परिचय भी कराया गया। इसका उद्देश्य महिला कर्मचारियों को शिकायत या किसी प्रकार की चिंता होने पर उचित माध्यम और संबंधित समिति के सदस्यों से संपर्क करने में सुविधा प्रदान करना था।

प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों को संवादात्मक एवं चर्चा-आधारित तरीके से संचालित किया गया। महिला कर्मचारियों ने प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी करते हुए विभिन्न विषयों पर चर्चा की और अपने प्रश्न एवं विचार साझा किए।

प्रशिक्षण सत्र का संचालन श्रीमती अदिति ने किया। कार्यक्रम के माध्यम से कर्मचारियों को कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम संबंधी कानून एवं प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ संस्थान में सम्मान, सुरक्षा और समानता की संस्कृति को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।