हजारीबाग, झारखंड: सदर अनुमंडल क्षेत्र में नकली खाद्य पदार्थों की आपूर्ति पर लगाम लगाने के उद्देश्य से शुक्रवार सुबह सदर के प्रभारी SDO सह DTO बैद्यनाथ कामती ने नगवां टोल प्लाजा पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान दो बसों से भारी मात्रा में नकली पनीर बरामद किया गया।
छापेमारी दल में एमवीआई वीरसू कुमार, फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर प्रकाश चंद्र गुग्गी, रोड सेफ्टी विभाग के संतोष कुमार, सारिक इकबाल समेत कई अन्य अधिकारी शामिल थे।
टीम के एक सदस्य ने बताया कि जांच के दौरान जब्त किए गए पनीर की गुणवत्ता और मात्रा की जांच की जा रही है। इसकी बाजार में अनुमानित कीमत का आकलन भी किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पनीर में मिलावट की आशंका है।
SDO बैद्यनाथ कामती ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि नकली पनीर की एक बड़ी खेप हजारीबाग में प्रवेश कर रही है, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए यह छापेमारी की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग आगे की जांच कर रहा है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।