झारखंड में मई 2025 में खुदरा वाहनों की बिक्री में 25.11% की उछाल, ट्रैक्टर और तीन चक्का वाहनों ने किया शानदार प्रदर्शन: गोविंद पी. मेवाड़

Spread the love

रामगढ़, झारखंड: पिछले वर्ष के मई माह की तुलना में इस वर्ष 2025 के मई माह में खुदरा वाहनों की बिक्री अच्छी उछाल के साथ 25.11% बढ़कर 57,938 ईकाई हो गई हैं, जबकि पिछले वर्ष 2024 के मई माह में मात्र 46,308 इकाई थी।

एफ.ए.डी.ए. झारखंड चेप्टर के चेयरपर्सन श्री गोविंद पी. मेवाड़ ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि झारखंड स्तर पर दो पहिया वाहन मई 2025 में 47,033 इकाई के साथ 24.13% की वृद्धि हुई है, जबकि मई 2024 में इसकी इकाई 37,891 थी।

तीन चक्का वाहन ने मई माह में 2,481 इकाई के साथ 58.94% की बढ़त बनाई है, जबकि मई 2024 में मात्र 1,561 इकाई की ही बिक्री दर्ज की गई थी।

कॉमर्शियल वाहन की बिक्री में मई 2025 में 15.09% की वृद्धि के साथ 1,632 इकाई बिक्री दर्ज की गई है, वहीं मई 2024 में यह 1,418 इकाई थी।

यात्री वाहन ने झारखंड में इस वर्ष मई माह में 18.45% की बढ़त बनाते हुए 5,315 इकाई की बिक्री दर्ज की है, वहीं मई 2024 में यह 4,487 इकाई थी।

ट्रैक्टर की बिक्री में भारी वृद्धि 59.30% के साथ 1,319 इकाई की बिक्री दर्ज की गई है, जबकि पिछले साल मई 2024 में ट्रैक्टर की बिक्री 828 इकाई थी।

निर्माण उपकरण की बिक्री 28.46% वृद्धि के साथ 158 इकाई रही, जबकि मई 2024 में यह मात्र 123 इकाई थी।

यदि हम पूरे भारतवर्ष के डेटा पर गौर करें:

  • मई 2025 में देशभर में कुल वृद्धि सिर्फ 5.11% रही।

  • इसमें दो पहिया, तीन चक्का, और ट्रैक्टर की बिक्री में क्रमशः 7.31%, 6.28% और 2.75% की वृद्धि हुई।

  • जबकि कमर्शियल वाहन, यात्री वाहन और निर्माण उपकरण की बिक्री में 3.71%, 3.11% और 6.32% की गिरावट दर्ज की गई।

झारखंड का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से बेहतर रहा

उपरोक्त आंकड़े दर्शाते हैं कि मई 2025 में झारखंड में वाहनों की बिक्री काफी अच्छी रही तथा सभी श्रेणियों में बिक्री में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई। विशेष रूप से ट्रैक्टर और तीन चक्का वाहनों ने शानदार प्रदर्शन किया है।

गोविंद पी. मेवाड़ ने कहा कि मई 2025 में भारी लगन (शादी का सीजन) तथा अच्छी कृषि उपज ने वाहनों की अधिक बिक्री में सकारात्मक योगदान दिया है।