झारखंड में उच्च शिक्षा की स्थिति को लेकर बंधु तिर्की ने राज्यपाल से की मुलाकात, कुलपति की नियुक्ति में स्थानीयों को प्राथमिकता देने की मांग

Spread the love

रांची, झारखंड: झारखंड में उच्च शिक्षा की गिरती स्थिति को लेकर आज झारखंड जनाधिकार महासभा के बंधु तिर्की के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की और कई अहम मांगें रखीं।

प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से आग्रह किया कि झारखंड के विश्वविद्यालयों में कुलपति और कुलसचिव के पदों पर झारखंड के मूलवासी शिक्षाविदों की नियुक्ति की जाए ताकि उच्च शिक्षा को स्थानीय परिस्थितियों और ज़रूरतों के अनुरूप बेहतर बनाया जा सके।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग रखी कि इंटरमीडिएट महाविद्यालयों में दाखिले के लिए झारखंड के विद्यार्थियों को दो वर्षों की अतिरिक्त मोहलत दी जाए। साथ ही, विश्वविद्यालयों में दाखिला प्रक्रिया और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प प्रदान किए जाएं ताकि अधिक से अधिक छात्र इसका लाभ उठा सकें।

बंधु तिर्की ने राज्यपाल से यह भी अनुरोध किया कि झारखंड के विश्वविद्यालयों की स्थिति पर चर्चा के लिए स्थानीय शिक्षाविदों की एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई जाए और विश्वविद्यालय प्रणाली की समीक्षा की जाए।

इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में भूमि विवादों और अधिकारों को लेकर व्याप्त जटिलताओं पर चिंता जताई और सुझाव दिया कि इस विषय पर भी राज्यपाल को जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों से वस्तुस्थिति की जानकारी लेकर समुचित पहल करनी चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल में शांतनु मिश्रा, रमा खलको, शिव उरांव, रमेश माली, मांगा उरांव, करमा उरांव, मोहम्मद जमील अंसारी और मोहम्मद सिद्दीकी अंसारी शामिल थे।