गोला (रामगढ़): नशा मुक्ति अभियान के तहत मंगलवार को पीएम श्री उच्च विद्यालय, बरियातू के छात्रों द्वारा एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय लौटकर संपन्न हुई।
छात्रों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर “नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो”, “स्वस्थ समाज की पहली शर्त – नशा मुक्त भारत” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक जितेन्द्र कुमार महतो, शिक्षक भागवत तिवारी, वरुण लाल, ऊषा रंजन एवं रुपनाथ महतो ने बच्चों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि पूरे परिवार को आर्थिक और सामाजिक संकट में डाल देता है।
उन्होंने छात्रों व ग्रामीणों को शाकाहारी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। रैली के दौरान शिक्षक गन्दौरी राम, आदित्य रंजन सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक और ग्रामीण भी उपस्थित रहे।