रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड): रुद्रप्रयाग के गौरीकुंड जंगल में रविवार सुबह एक भीषण हेलीकॉप्टर हादसा हुआ, जिसमें पायलट समेत सात लोगों की मौत हो गई। हेलीकॉप्टर केदारनाथ से फाटा की ओर जा रहा था। यह घटना सुबह लगभग 6 बजे की है जब आर्यन एविएशन का यह हेलीकॉप्टर खराब मौसम के कारण गौरीकुंड के जंगल में क्रैश हो गया।
मृतकों की पहचान:
हेलीकॉप्टर में मौजूद श्रद्धालुओं की पहचान श्रद्धा राजकुमार जायसवाल, राजकुमार सुरेश जायसवाल, विक्रम, विनोद देवी, तुष्टि सिंह और पायलट राजवीर सिंह चौहान के रूप में की गई है। हादसे में दो साल की बच्ची तुष्टि सिंह की मौत की खबर ने पूरे देश को झकझोर दिया।
हादसे की वजह:
प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, घने कोहरे और खराब मौसम के कारण पायलट को वैकल्पिक स्थान पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। इस प्रक्रिया में हेलीकॉप्टर बेकाबू होकर क्रैश हो गया। हालांकि दुर्घटना की सटीक वजह को लेकर जांच जारी है।
राहत और बचाव:
हादसे की जानकारी मिलते ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख:
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हृदयविदारक घटना पर शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा—
“जनपद रुद्रप्रयाग में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन एवं अन्य रेस्क्यू दल राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं। बाबा केदार से सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।”