सीसीएल केंद्रीय अस्पताल रामगढ़ में विश्व रक्तदान दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन, 16 यूनिट रक्त संग्रह

Spread the love

रामगढ़, झारखंड: विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर शनिवार को सीसीएल केंद्रीय अस्पताल, रामगढ़ में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. आलोक कुमार ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में सीएमओ इंचार्ज डॉ. भास्कर चक्रवर्ती और विशिष्ट अतिथि सीएमओ एडमिन गुलशन उपस्थित रहीं।

शिविर का उद्घाटन दीप प्रज्वलन और फीता काटकर संयुक्त रूप से किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. भास्कर चक्रवर्ती ने विश्व रक्तदान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह दिन ऑस्ट्रियाई वैज्ञानिक डॉ. कार्ल लैंडस्टीनर के जन्मदिवस की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने एबीओ रक्त समूह प्रणाली की खोज की थी और जिन्हें 1930 में नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि रक्तदान एक सुरक्षित प्रक्रिया है, जिसका कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं होता, बल्कि यह रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।

शिविर के दौरान कुल 16 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
इस अवसर पर सीसीएल पैथोलॉजी विभाग की टीम से नीतू करकेट्टा, समीर कुमार पंडित, अफरोज अंसारी, नीलम कुमारी सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।

इस आयोजन ने न केवल रक्तदान के महत्व को रेखांकित किया, बल्कि समाज में सेवा भाव और जागरूकता को भी प्रोत्साहित किया।