अरगड्डा में टाटा मैजिक चालक के साथ मारपीट कर 44,600 रुपये की छिनतई, हथियार से धमकाकर अपराधी फरार

Spread the love

रामगढ़, झारखंड: अरगड्डा सुभाष नगर निवासी अजय कुमार सिंह, जो कि एक टाटा मैजिक मालवाहक वाहन चालक हैं, के साथ मंगलवार शाम एक सनसनीखेज लूट की घटना घटी। इंदिरा चौक के निकट एरिया अकाउंट्स ऑफिस के पास कुछ अज्ञात अपराधियों ने उनके साथ मारपीट कर ₹44,600 की नकदी लूट ली और फरार हो गए।

कैसे हुआ हमला?

पीड़ित अजय कुमार सिंह ने बताया कि वह रोज की तरह बाजार समिति से सामान लेकर दुकानों में सप्लाई कर रहे थे। करीब शाम 5:30 बजे, जब वह हल्की बारिश के दौरान इंदिरा चौक के पास पहुँचे, वहां तीन मोटरसाइकिल खड़ी थीं। जैसे ही उन्होंने अपना वाहन धीमा किया, 6-7 की संख्या में अपराधी अचानक उनके पास आकर मारपीट शुरू कर दी।

एक अपराधी ने बंदूक जैसी चीज उनके माथे पर तान दी और पैसों की मांग की। फिर वाहन में रखे कलेक्शन के ₹44,600 लूट लिए और अरगड्डा झोपड़ी की ओर जंगल की तरफ भाग निकले।

पुलिस को दी गई सूचना

घटना की जानकारी अजय कुमार ने तुरंत फोन पर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन कर रही है। इधर, घायल अजय कुमार का अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी है।