झामुमो जिलाध्यक्ष और केंद्रीय सदस्य ने मांगी शीघ्र स्वस्थ होने की मन्नत
रजरप्पा, रामगढ़ (झारखंड): झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन (गुरुजी) के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर राज्यभर में पूजा-अर्चना और हवन का क्रम जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में झामुमो के नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी श्रद्धा के साथ जुटे।
इस अवसर पर झामुमो रामगढ़ जिला अध्यक्ष विनोद किस्कू ने समर्थकों के साथ मंदिर परिसर में विशेष हवन-पूजन का आयोजन किया। गुरुजी की तस्वीर हाथ में लेकर सभी ने मां से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। पूजा में मंदिर के पुजारी लोकेश पंडा, गुड्डू पंडा और पवन मिश्रा ने विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दिलवाईं।
पूजन में विनोद कुमार महतो, कमलेश पांडेय, सतीश मुर्मू, अरुण बनर्जी, सकलदेव करमाली, शिवलाल हांसदा, कृष्णा करमाली, सुभम कुमार और तपेन सिंह समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
केंद्रीय सदस्य ने भी मां छिन्नमस्तिका से मांगी मन्नत
इसी दिन पार्टी के केंद्रीय सदस्य चित्रगुप्त महतो, जो राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर के भाई हैं, अपनी पत्नी मुखिया बसंती देवी, मां सुमित देवी, और अन्य परिजनों के साथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने मां छिन्नमस्तिका के दरबार में गुरुजी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए विशेष पूजा की और रक्षा सूत्र बांधा।
चित्रगुप्त महतो ने मां से मन्नत मांगी कि गुरुजी के स्वस्थ होने के उपरांत वे सपरिवार पुनः मंदिर आकर विशेष पूजन करेंगे। उनके साथ खुदी महतो, मनोज महतो और अन्य श्रद्धालु भी उपस्थित थे।