हजारीबाग, झारखंड: हजारीबाग पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। कुख्यात अपराधी उत्तम यादव गिरोह के नौ सक्रिय सदस्यों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर एक संभावित बड़ी आपराधिक वारदात को टाल दिया गया। गिरोह हजारीबाग शहर में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की तत्परता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
गुप्त सूचना से खुला राज, SIT ने मारा छापा
दिनांक 2 जुलाई 2025 को पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के अनुसार, उत्तम यादव गिरोह के सदस्य हथियारों से लैस होकर काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल और ग्रैंड विटारा कार में सवार थे और संत कोलंबस कॉलेज रोड के आसपास किसी वारदात की तैयारी में थे। इस पर डीएसपी अमित आनंद के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल (SIT) का गठन किया गया।
कार्मेल स्कूल मोड़ से बस स्टैंड की ओर हो रही एंटी-क्राइम चेकिंग के दौरान जैसे ही संदिग्ध वाहन दिखे, पुलिस ने रुकने का इशारा किया। परंतु आरोपी गाड़ियों समेत वेल्स ग्राउंड के पीछे कच्चे रास्ते से भागने लगे। घेराबंदी कर पुलिस ने मौके से सात आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में सभी ने खुद को उत्तम यादव गिरोह का सदस्य बताया।
श्री ज्वेलर्स फायरिंग केस में भी मिली सफलता
पूछताछ के आधार पर गिरोह के दो और सदस्य—नितीश कुमार और बादल कुमार सिंह—को करमटोली, रांची से गिरफ्तार किया गया। ये दोनों 22 जून 2025 को हजारीबाग के श्री ज्वेलर्स में रंगदारी के लिए की गई फायरिंग में शामिल थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों की सूची:
शक्ति गिरी उर्फ सायको टाइगर (24), पत्थलगड़ा, चतरा
मनीष यादव (20), भेलवाडीह, चतरा
मुकेश कुमार सोनी (22), बाजारटांड़, चतरा
राहुल कुमार वर्मा (21), ईचाक, चतरा
शुभम अग्रवाल (19), केसरी चौक, चतरा
गोलू कुमार (21), ईचाक, चतरा
रवि रौशन कुमार (23), सतौरा, चतरा
नितीश कुमार, बरकट्ठा, हजारीबाग
बादल कुमार सिंह, सोहरा, चौपारण, हजारीबाग
बरामद हथियार और सामग्री:
9 एमएम पिस्टल – 1
7.65 एमएम पिस्टल – 1
जिंदा गोलियां – कुल 9 (विभिन्न बोर)
ग्रैंड विटारा कार (JH01FN 8668)
पल्सर मोटरसाइकिल (JH01DE 5443)
घटना में प्रयुक्त गमछा
मोबाइल फोन – 8
छापामारी टीम में शामिल अधिकारी:
छापेमारी में डीएसपी सदर अमित आनंद के साथ हजारीबाग पुलिस के कई थाना प्रभारियों और सशस्त्र बलों की भूमिका सराहनीय रही।
फिलहाल, सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा श्री ज्वेलर्स फायरिंग कांड समेत अन्य मामलों की गहराई से जांच की जा रही है।