करमा परियोजना की खुली खदान में अवैध खनन के दौरान चाल धसने से 4 की मौत, 3 घायल

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : कुजू स्थित सीसीएल की करमा परियोजना के खुली खदान में शनिवार तड़के अवैध खनन के दौरान चाल धसने से चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है।

घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है। आक्रोशित ग्रामीणों, झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) कार्यकर्ताओं और अन्य संगठनों ने सीसीएल प्रबंधन और सुरक्षा विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए करमा पीओ कार्यालय के समक्ष शव रखकर मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

घटना ऐसे घटी:

महुआटुंगरी के समीप स्थित खदान में तड़के करीब चार बजे एक दर्जन से अधिक ग्रामीण अवैध खनन करने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक चाल (मलबा) धंस गया और वहां मौजूद लोग उसके नीचे दब गए। ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से कुछ लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें से तीन ने अस्पताल ले जाते वक्त दम तोड़ दिया। एक अन्य शव को जेसीबी और शॉवेल मशीन की मदद से बाहर निकाला गया।

मृतकों की हुई पहचान :

  1. निर्मल मुंडा (42 वर्ष), निवासी – सुगिया, पिता – स्व. सुधन मुंडा

  2. वकील करमाली (55 वर्ष), पिता – मानकी करमाली

  3. इम्तियाज अंसारी उर्फ लालू अंसारी (38 वर्ष), निवासी – महुआटुंगरी, पिता – मोह. यासीन

  4. रामेश्वर मांझी (35 वर्ष), निवासी – जोभिया, रजरप्पा, पिता – बिरसा मांझी

घायलों के नाम :

  • रोजिदा खातून (35 वर्ष), पत्नी – इम्तियाज खान

  • सरिता देवी (40 वर्ष), पति – पचू मांझी

  • अरुण मांझी (22 वर्ष)

प्रशासनिक और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी :

घटना की सूचना पर पुलिस निरीक्षक रजत कुमार, कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, अनि अख्तर अली, संजय हेंब्रोम, आशीष गौतम मौके पर पहुंचे। साथ ही ज़िला परिषद सदस्य तापेश्वर महतो, मुखिया खागेश्वर महतो, झामुमो नेता मोहरलाल महतो, जेएलकेएम नेता रवि महतो, लीलावती देवी, रूपा महतो समेत बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर मौजूद रहे।

एक शव को लेकर आते ग्रामीण व पुलिस कर्मी
घटना के मारे गये तीन लोग