भुरकुंडा : युवक ने की आत्महत्या,  इयरफोन लगाए हालत में मिला शव,  कारणों की जांच में जुटी

Spread the love

भुरकुंडा (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़ जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सयाल आजाद रोड कॉलोनी में रविवार देर रात एक 25 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रमेश गंझू के रूप में हुई है, जो हरि गंझू का पुत्र था।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार रमेश रविवार शाम टहलने गया था और रात करीब 11 बजे घर लौटा। खाना खाकर वह अपने कमरे में सोने चला गया। उसके पिता सीसीएल की उरीमारी परियोजना में कार्यरत हैं और उस रात ड्यूटी पर थे।

सोमवार सुबह जब रमेश की मां उसे जगाने कमरे में गईं तो देखा कि वह पंखे से लटका हुआ था। उसके कान में इयरफोन लगे हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही भुरकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों का कहना है कि रमेश किसी मानसिक तनाव में नहीं था और घर में भी किसी प्रकार का विवाद नहीं था। वह आईटीआई करने के बाद उरीमारी स्थित एक आउटसोर्सिंग कंपनी में अप्रेंटिसशिप कर रहा था।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।