श्रावणी मेला समाप्त, बाबा नगरी देवघर में भादो मेले की शुरुआत — पहले दिन 80 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

Spread the love

देवघर, झारखंड: श्रावणी मेला समाप्त होने के बाद बाबा नगरी में रविवार से भादो मेला शुरू हो गया। पहले दिन करीब 80 हजार भक्तों ने बाबा बैद्यनाथ की स्पर्श पूजा की। वहीं, काउंटर बंद होने तक 4,082 श्रद्धालुओं ने कूपन लेकर जलार्पण किया।

मंदिर इस्टेट पुरोहित श्रीनाथ पंडित ने बताया कि 17 अगस्त तक मंदिर में भीड़ बनी रहेगी। 17 अगस्त को संक्रांति तिथि के साथ बांग्ला सावन का समापन होगा। इस दौरान बंगाल, ओड़िशा, असम समेत कई राज्यों से कांवरियों का आना जारी रहेगा।

प्रबंधन ने श्रावणी मेले की तरह कतारबद्ध पूजा की व्यवस्था जारी रखी है। सुबह आने वाले भक्तों को पंडित शिवराम झा चौक से मंदिर भेजा गया। शाम छह बजे के बाद कतार में प्रवेश बंद कर दिया गया, जिसका असर शीघ्रदर्शनम् काउंटर पर भी दिखा।

16 अगस्त को जन्माष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय और आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु बाबा नगरी पहुंचेंगे, जिससे अगले पांच दिनों तक भीड़ और बढ़ने की संभावना है।