कुजू, रामगढ़ (झारखंड): कुजू ओपी क्षेत्र के करमा चौक के पास सोमवार देर शाम एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मोपेड सवार दो वृद्ध घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान 60 वर्षीय जदमोहन महतो (पिता स्व. जगदीश महतो), निवासी महुआटांड़, जिला बोकारो के रूप में हुई है। घटना के समय वे अपने गांव के ही 70 वर्षीय जयनारायण महतो (पिता स्व. जेबाधन महतो) के साथ टीवीएस मोपेड (संख्या JH24B-0592) पर सवार होकर जा रहे थे।
करमा चौक के पास अचानक आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी। हादसे में जदमोहन महतो गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि जयनारायण महतो को मामूली चोट आई। कुजू ओपी पुलिस ने दोनों को तुरंत सदर अस्पताल रामगढ़ भेजा, जहां इलाज के दौरान जदमोहन महतो की मौत हो गई।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त मोपेड को जब्त कर लिया है और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।