कुजू (रामगढ़): कुजू के भरेच नगर स्थित मणिपाल सीडलिंग्स प्ले स्कूल में सोमवार को जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ विद्यालय निदेशक गया प्रसाद राय ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के दौरान जूनियर विंग्स के बच्चों ने राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत भजन व नृत्य ने विद्यालय परिसर को भक्तिमय वातावरण में परिवर्तित कर दिया।
विद्यालय निदेशक गया प्रसाद राय ने सभी को जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि राधा-कृष्ण ईश्वरीय प्रेम, सरलता और प्रसन्नता के प्रतीक हैं। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में प्ले ग्रुप से लेकर यूकेजी तक के सभी बच्चों ने भाग लिया। हर प्रस्तुति के बाद बच्चों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। मंच संचालन अभ्याश्री एवं आफरीन अली ने कुशलतापूर्वक किया। विद्यालय के सभी शिक्षकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।