सीसीएल रजरप्पा प्रबंधन की बड़ी कार्रवाई, अवैध कोयला कारोबार पर दिया करारा झटका

Spread the love

जंगल में खड़े तीन हाइवा

रजरप्पा (रामगढ़) : रजरप्पा क्षेत्र में बढ़ रहे अवैध कोयला कारोबार पर लगाम लगाने के लिए सीसीएल प्रबंधन ने बीती रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। महाप्रबंधक कल्याणजी प्रसाद के नेतृत्व में पूरी रात चले विशेष अभियान में पांच हाईवा ट्रकों को अवैध कोयला सहित जब्त किया गया, जबकि जंगल क्षेत्र में भारी मात्रा में अवैध कोयले का भंडार भी बरामद हुआ।

कार्यवाही के दौरान OD09V1734, JH02BR2487, JH02BM7942, JH09BD6790 और JH02BN7942 नंबर की कोयले से लदी हाइवा गाड़ियों को पकड़ा गया। इसके अलावा रॉ कोल साइडिंग के पास जंगल में बड़ी मात्रा में कोयला छिपाकर रखा गया था, जिसे टीम ने जब्त कर लिया।

हमलावरों ने किया विरोध, काली थार से हमला

कार्रवाई में बाधा डालने के लिए अवैध कारोबार से जुड़े लोगों ने भी मोर्चा लेने की कोशिश की। एक काले रंग की महिंद्रा थार (नंबर 0013) पर सवार अज्ञात युवकों ने मौके पर पहुँचे सीसीएल अधिकारी चन्द्रशेखर आज़ाद की गाड़ी पर हमला कर दिया और शीशे तोड़ डाले।

इस अफरा-तफरी के बीच दो हाईवा चालक कोयला बीच सड़क पर गिराकर फरार हो गए, जबकि तीन हाईवा वाहन लहरी टुंगरी जंगल क्षेत्र में अब भी खड़े हैं।

महाप्रबंधक कल्याणजी प्रसाद ने कोयला चोरों को संदेश देते हुए कहा कि “सीसीएल ने पहले भी स्पष्ट चेतावनी दी थी और मैं एक बार फिर स्पष्ट कर रहा हूँ कि रजरप्पा क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और भंडारण की किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम लगातार कार्रवाई कर रहे हैं और पुलिस तथा जिला प्रशासन से भी कड़ी कार्रवाई की अपेक्षा है।”

क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी आशीष झा ने कहा कि पिछले कुछ महीनों के दौरान कोयला, डीज़ल और लोहे की चोरी की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिसे देखते हुए सीसीएल सुरक्षा विभाग लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अब तक तीन प्राथमिकी (FIR) दर्ज करवाई जा चुकी हैं और पुलिस से ठोस कार्रवाई की उम्मीद जताई है।

अभियान के दौरान क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी, परियोजना सुरक्षा अधिकारी चन्द्रशेखर आज़ाद, विभागीय कर्मी तथा सुरक्षा बल मौजूद रहे।