बी. सुदर्शन रेड्डी ने भरा उपराष्ट्रपति पद के लिए नामांकन, विपक्षी नेताओं की रही मौजूदगी

Spread the love

नई दिल्ली : देश में उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि पर शुक्रवार को इंडिया   गठबंधन के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान संसद भवन में विपक्षी नेताओं का जमावड़ा देखने को मिला। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, एनसीपी (शरद पवार गुट) के अध्यक्ष शरद पवार, तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ’ब्रायन, डीएमके सांसद कनिमोझी करुणानिधि, समाजवादी पार्टी के नेता धर्मेंद्र यादव, शिवसेना (उद्धव गुट) के सांसद अरविंद सावंत, तृणमूल कांग्रेस सांसद सताब्दी रॉय समेत कई विपक्षी दलों के बड़े नेता मौजूद रहे। इसके अलावा, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और उप मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का भी विशेष रूप से इस मौके पर दिल्ली पहुंचे और बी. सुदर्शन रेड्डी के नामांकन में शामिल हुए।

बी. सुदर्शन रेड्डी ने क्या कहा

नामांकन दाखिल करने के बाद बी. सुदर्शन रेड्डी ने कहा कि “संविधान में निहित मूल्यों के प्रति गहरी विनम्रता और अटूट प्रतिबद्धता के साथ मैंने नामांकन दाखिल किया है। मेरा जीवन लोकतांत्रिक परंपराओं से जुड़ा रहा है और भारत की असली ताकत हर व्यक्ति की गरिमा में निहित है। राज्यसभा के अध्यक्ष के रूप में उपराष्ट्रपति पर संसदीय लोकतंत्र की सर्वोच्च परंपराओं की रक्षा करने की जिम्मेदारी है। चुने जाने पर मैं निष्पक्षता और संवाद के प्रति समर्पण के साथ अपनी भूमिका निभाऊंगा।”

एनडीए बनाम विपक्ष

गौरतलब है कि इस बार उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की ओर से सी.पी. राधाकृष्णन और विपक्ष की ओर से बी. सुदर्शन रेड्डी आमने-सामने हैं। उपराष्ट्रपति पद के लिए मतदान 9 सितंबर 2025 को होगा और नतीजे भी उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे।

साभार : डीएएस दिल्ली