पटना ( बिहार ) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दरभंगा में कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा की सभा के दौरान गाली देने के मामले ने शुक्रवार को राजधानी पटना का माहौल गर्मा दिया। इस घटना के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कुर्जी हॉस्पिटल से सदाकत आश्रम तक मार्च निकाला।
सदाकत आश्रम के बाहर भिड़ंत
मार्च के दौरान जब बीजेपी कार्यकर्ता और नेता सदाकत आश्रम के बाहर पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ उनकी तीखी नोकझोंक हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों ओर से जमकर धक्का-मुक्की, लाठी-डंडे और पथराव की घटनाएं हुईं।
भाजपा के कई बड़े नेता मौजूद
इस मार्च में बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री और बांकीपुर विधायक नितिन नवीन, दीघा विधायक संजीव चौरसिया समेत बीजेपी के कई विधायक और पदाधिकारी मौजूद थे। जैसे ही जुलूस सदाकत आश्रम पहुंचा, वहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी भीड़ पहले से जमा थी। इसी दौरान दोनों गुटों में आमने-सामने की झड़प हो गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस बल को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने दोनों गुटों को किसी तरह अलग किया और हालात पर काबू पाया। हालांकि इस दौरान कई कार्यकर्ताओं के चोटिल होने की भी खबर है।
पृष्ठभूमि
दरअसल, दरअसल दरभंगा में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा को लेकर एक सभा हुई थी। इसी सभा में राहुल गाँधी के पहुंचने से पहले बड़े नेताओं की गैरमौजूदगी में पीएम मोदी को मंच से गाली दी गई। इसके बाद बवाल बढ़ गया।