रिनपास के 100 वर्ष पूरे, 4 सितंबर को होगा शताब्दी समारोह

Spread the love

मुख्य अतिथि होंगे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

रांची (झारखंड) : कांके स्थित रांची इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइकेट्री एंड एलाइड साइंसेज (रिनपास) अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर 4 सितंबर को शताब्दी समारोह का आयोजन करेगा। इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सीएम से मुलाकात कर उन्हें समारोह में आने का आमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। सीएम की उपस्थिति को लेकर संस्थान के डॉक्टरों, कर्मचारियों और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विशेषज्ञों में उत्साह देखा जा रहा है।

देश-विदेश से आएंगे विशेषज्ञ

समारोह में भारत और विदेशों से कई नामी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ, शोधकर्ता और डॉक्टर शामिल होंगे। इस आयोजन का उद्देश्य न केवल रिनपास की सौ साल की यात्रा को याद करना है बल्कि मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के भविष्य की दिशा तय करना भी है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी के अनुसार, “रिनपास ने पिछले सौ वर्षों में मानसिक स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान दिया है। यह शताब्दी समारोह झारखंड के लिए नई पहचान और उम्मीद लेकर आएगा।”

1925 में हुई थी स्थापना

गौरतलब है कि रिनपास की स्थापना वर्ष 1925 में हुई थी। तब से यह संस्थान न सिर्फ झारखंड बल्कि देशभर के मानसिक रोगियों के लिए प्रमुख इलाज केंद्र बना हुआ है। शताब्दी समारोह संस्थान की ऐतिहासिक यात्रा को सम्मान देने के साथ-साथ समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी काम करेगा।