रामगढ़, झारखंड : सतकौड़ी कांम्पलेक्स के पीछे सतकौड़ी नगर स्थित जेसी ज्वेलर्स नामक दुकान को रविवार के सरेशाम संध्या साढ़े सात बजे लूटने की कोशिश की गयी। इस क्रम में अपराधियों ने एक राउंड गोली भी चलायी तथा दुकान के मालिक आशीष कुमार के सिर पर कट्टा से वार कर घायल कर दिया।
असित कुमार ने बताया कि आज चंद्रग्रहण होने की वजह से वे दुकान जल्दी बंद कर रहे थे। इसी क्रम मे दो मोटर साइकिल पर चार पांच सवार वहां पहुंचे तथा उनसे बैग छीनने का प्रयास करने लगे। लेकिन वे सफल नहीं हो पाए ।उनके हाथ में एक कट्टा भी था। हाथापायी के क्रम में असित कुमार दुकान से बाहर निकल गये तथा आवाज देने लगे। इसी क्रम में अपराधियों ने उनके सिर पर कट्टा से वार कर दिया। जिससे वे लहुलुहान हो गये। इसके बाद दुकान से निकल कर अपराधियों ने एक राउंड फायरिंग भी किया तथा मोटर साइकिल पर सवार हो कर भाग निकले।
भागने के क्रम कट्टा दुकान के बाहर रास्ते में ही गिर गया। इसके बाद लोगों की भीड़ जमा हो गयी तथा पुलिस को सूचना दी गयी। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर जानकारी हासिल किया तथा गिरे कट्टे को अपने कब्जे में लिया। हालांकि दुकान मालिक का कहना है कि अपराधी कुछ नहीं ले सके। लेकिन वहीं दूसरी ओर लोगों का कहना है कि अपराधी काफी सोने चांदी के सामान लूट कर ले गये हैं तथा अच्छी खासी रकम भी अपराधियों के हाथ लगी है । काफी घने मुहल्ले में स्थित दुकान के लूट का प्रयास किये जाने से लोग आश्चर्य में हैं। इन दिनों रामगढ़ में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है। दो तीन दिन पूर्व भी पटेल चौक के निकट सुबह सुबह गोली चालन की घटना हो चुकी है।