चतरा में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया 50 हजार का इनामी कुख्यात अपराधी उत्तम यादव

Spread the love

चतरा, ( झारखंड ) :  शनिवार देर रात सिमरिया थाना क्षेत्र के जबड़ा इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी उत्तम यादव ढेर हो गया। बिहार सरकार द्वारा 50 हजार रुपये का इनामी घोषित उत्तम यादव हाल के दिनों में पुलिस को खुलेआम चुनौती दे रहा था।

जानकारी के अनुसार, उत्तम यादव ने बीते माह हजारीबाग शहर में एक स्वर्ण व्यवसायी की दुकान पर सरेआम फायरिंग की घटना को अंजाम देकर उसकी जिम्मेवारी भी ली थी। इसके अलावा लगभग दो माह पूर्व उसने हाथ में एके-47 लेकर वीडियो जारी किया था और चतरा-हजारीबाग के व्यवसायियों से रंगदारी व लेवी की मांग की थी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि उत्तम यादव टाइगर ग्रुप नामक गिरोह का सरगना था और उस पर चतरा, हजारीबाग समेत झारखंड और बिहार के अलग-अलग थानों में दर्जनों मामले दर्ज थे। मुठभेड़ में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चतरा पुलिस टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है।

सदर अस्पताल के चिकित्सकों के मुताबिक उत्तम यादव के छाती, पेट और जांघ में गोली लगी है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति और उपायुक्त से अनुमति मांगी गई है। देर रात तक पोस्टमार्टम होने की संभावना है।

गौरतलब है कि हाल ही में लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती देने वाला कुख्यात अपराधी अब ढेर हो चुका है। पुलिस ने उत्तम यादव के मारे जाने की पुष्टि की है।