रामगढ़, झारखंड : रामगढ, झारखंड : रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर छत्तर मांडू क्षेत्र के बड़की नदी के पास सोमवार 22 सितंबर 2025 के सुबह लगभग 11:30 बजे एक यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक चालक और बस में बैठी एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 25 यात्री घायल हो गए। मिली जानकारी के रेफर किये गए एक घायल की मौत इलाज के क्रम में रांची में हो गयी। दुर्घटना में तीन की मौत हुई है जिसमे दो पुरुष व एक महिला है।
मृतको मे रामगढ़ न्यायालय के अधिवक्ता भी शामिल
बस व ट्रक के टक्कर में जिन तीन लोगों की मौत हुई उनका पहचान कर लिया गया है। मृतकों में रामगढ़ न्यायालय के एक अधिवक्ता अरविंद कुमार पाठक भी शामिल हैं। अरविंद कुमार पाठक इस बस पर गोला से रामगढ़ न्यायालय आने के लिए सवार हुये थे। लेकिन कोर्ट से आधा किलोमीटर पहले ही बड़की नदी के निकट दुर्घटना हो गयी तथा उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुये उन्हें बेहतर ईलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया। जहां ईलाज के दौरान उनका निधन हो गया। अरविंद कुमार पाठक के पुत्र अमन कुमार पाठक भी रामगढ़ न्यायालय में प्रैक्टिस करते हैं। अधिवक्ता अरविंद कुमार पाठक के निधन पर रामगढ़ अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने गहरी संवेदना प्रकट की है। अन्य दो मृतकों में ट्रक चालक बेंगवारी केरेडारी निवासी मनीश कुमार व जैना मोड़ निवासी विलासो देवी शामिल हैं।
कैसे हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक श्री गोकुल ट्रैवल्स ( जेएच10बीएम-8219) नामक यात्री बस धनबाद से रांची की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक जे एच13सी-0232 (रामगढ़ से गोला मार्ग पर) से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घायलों की स्थिति
हादसे में घायल हुए यात्रियों को तुरंत सदर अस्पताल, रामगढ़ में भर्ती कराया गया। इनमें से सात लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद रांची रेफर कर दिया गया। रेफर किए गए मरीजों में दो की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
घटनास्थल का नजारा
हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। घबराहट में यात्रियों को बस की खिड़की से कूद कर निकलते देखा गया । प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस और ट्रक के अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया था, जिससे टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
प्रशासन की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य में जुट गई। घायल यात्रियों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का काम जारी है।