रामगढ़ (झारखंड) : आज दिनांक 09 अक्टूबर 2025 को पुलिस महानिरीक्षक, उत्तर छोटानागपुर प्रक्षेत्र, बोकारो सुनील भास्कर (भापुसे) के रामगढ़ आगमन पर पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ श्री अजय कुमार (भापुसे) द्वारा पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया। इस दौरान परिचारी प्रवर मंदु यादव द्वारा “गार्ड ऑफ ऑनर” प्रस्तुत किया गया।
रामगढ़ स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में अंतरजिला स्तरीय पुलिस समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में धनबाद, हजारीबाग, बोकारो, चतरा, गिरिडीह, कोडरमा एवं रामगढ़ जिलों के पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे। दुर्गा पूजा के दौरान सातों जिलों में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस महानिरीक्षक ने सभी एसपी को बधाई दी और उनके कार्य की सराहना की।
बैठक की अध्यक्षता पुलिस महानिरीक्षक सुनील भास्कर ने की, जिसमें कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। समीक्षा बिंदुओं में नक्सल परिदृश्य, साम्प्रदायिक घटनाएं, अफीम की खेती रोकथाम, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध, एनडीपीएस और सीसीटीएनएस मामलों की स्थिति, साइबर अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा, तथा अभियोजन की अद्यतन स्थिति जैसे मुद्दे शामिल थे।
बैठक में क्षेत्र के सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिया गया कि आगामी दीपावली और छठ पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस बल पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त और मुस्तैद रहे। साथ ही साइबर अपराध की रोकथाम के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
बैठक में उपस्थित अधिकारी :
पुलिस महानिरीक्षक सुनील भास्कर, वरीय पुलिस अधीक्षक धनबाद प्रभात कुमार, पुलिस अधीक्षक हजारीबाग अंजनी अंजन, पुलिस अधीक्षक बोकारो हरविंदर सिंह, पुलिस अधीक्षक रामगढ़ अजय कुमार, पुलिस अधीक्षक चतरा सुमित अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक गिरिडीह डॉ. विमल कुमार, पुलिस अधीक्षक कोडरमा अनुदीप सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।