लोहरदगा (झारखंड) : झारखंड के लोहरदगा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के पेशरार थाना क्षेत्र के केकरांग गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान लक्ष्मण नगेसिया (47 वर्ष), उनकी पत्नी बिफनी नगेसिया (45 वर्ष) और उनके 9 वर्षीय पुत्र रामविलास नगेसिया के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही किस्को एसडीपीओ वेदांत शंकर, थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसडीपीओ ने हत्या की पुष्टि की, हालांकि घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
घटना के समय घर में थे चार लोग
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर में चार लोग मौजूद थे। हमलावरों ने तीन लोगों की हत्या कर दी, जबकि एक महिला को कमरे में बंद कर दिया गया। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हत्या डायन-बिसाही (अंधविश्वास) से जुड़ी हो सकती है, लेकिन पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है।
आपसी विवाद की आशंका
बताया जा रहा है कि गांव में दो परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। गुरुवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक परिवार के तीन सदस्यों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।