संडे ड्यूटी काटे जाने से नाराज तोपा परियोजना के ऑपरेटरों ने किया काम बंद, उत्पादन ठप

Spread the love

कुजू (झारखंड) : कुजू क्षेत्र स्थित सीसीएल तोपा परियोजना में रविवार को संडे ड्यूटी रद्द किए जाने के विरोध में ऑपरेटरों ने कामकाज पूरी तरह बंद कर दिया। इसके चलते ओपनकास्ट खान में कोयला उत्पादन में उपयोग होने वाली भारी मशीनें बंद पड़ी रहीं और उत्पादन ठप हो गया।

जानकारी के अनुसार, तोपा परियोजना में हॉलपैक डंपर के 33, डोजर के 8, और ड्रिल व शावेल मशीन के 12 ऑपरेटर कार्यरत हैं, जिन्हें अब तक नियमित रूप से संडे ड्यूटी दी जा रही थी। लेकिन रविवार को परियोजना प्रबंधन द्वारा अचानक कुछ ऑपरेटरों की संडे ड्यूटी रद्द कर दी गई, जिससे नाराज होकर शंकर गिरी, अख्तर, मुबारक, विजय, आशिक अंसारी, खुशलाल कुमार गंझू, तालो मांझी, कामेश कुमार, सहदेव बेदिया, जबील अंसारी समेत कुल 53 ऑपरेटरों ने सामूहिक कार्य बहिष्कार कर दिया।

ऑपरेटरों ने इसे प्रबंधन की मनमानी बताते हुए चेतावनी दी कि जब तक उनकी संडे ड्यूटी बहाल नहीं की जाती, वे काम पर नहीं लौटेंगे। उनके आंदोलन के कारण परियोजना का उत्पादन ठप हो गया है, जिससे प्रबंधन को लाखों रुपए का नुकसान होने की आशंका है।

वहीं, तोपा परियोजना प्रबंधन स्थिति को सामान्य करने के प्रयास में जुट गया है। प्रबंधक स्तर पर बातचीत और समाधान की कोशिशें जारी हैं, ताकि ऑपरेटरों की नाराजगी दूर की जा सके। बताया जा रहा है कि परियोजना में कार्य रुकने से सीसीएल के दैनिक उत्पादन लक्ष्य पर भी असर पड़ना तय है।