कुजू (रामगढ), झारखंड : कुजू क्षेत्र की सभी कोलियरियों में शनिवार को पांचवें दिन भी कोयले का उठाव पूरी तरह बंद रहा। यह बंदी झारखंड कोल ट्रेड ट्रस्ट के आह्वान पर जारी है। ट्रस्ट ने सीसीएल कुजू क्षेत्र की सभी परियोजनाओं — तोपा, करमा समेत अन्य कोलियरियों से लोकल सेल के कोयले का उठाव रोक दिया है।
इस वजह से कुजू कोयला मंडी स्थित ट्रक बुकिंग केंद्रों में सन्नाटा पसरा है। देश के विभिन्न राज्यों को सड़क मार्ग से भेजे जाने वाले कोयले के ट्रकों की बुकिंग पूरी तरह ठप हो गई है। कोयला उठाव बंद रहने से विस्थापित मजदूरों, लिफ्टरों, सिफ्टरों और मुंशियों के सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। वहीं, ट्रक चालकों और व्यापारियों की आवाजाही से गुलजार रहने वाला कांटा घर, होटल और स्थानीय बाजार अब सूने पड़ गए हैं।
झारखंड कोल ट्रेडर्स ट्रस्ट ने 8 से 12 अक्टूबर तक किसी भी कोलियरी में कोयला ट्रकों की बुकिंग पर प्रतिबंध लगाया है। ट्रस्ट ने चेतावनी दी है कि इस आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों पर आर्थिक दंड लगाया जाएगा।