कुजू (झारखंड) : कुजू ओपी क्षेत्र के ट्रांसपोर्टनगर में शनिवार की रात चोरों ने कोयला लोडिंग के लिए खड़े तीन ट्रकों से कीमती बैटरियां और अन्य सामान चुरा लिया। यह घटना कुजू ओपी से महज कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, कोयला मंडी में बुकिंग की प्रतीक्षा में खड़े ट्रक जेएच 02एएस 0724, जेएच 05सीपी 7566 और यूपी 65टी 2991 से चोरों ने रात के अंधेरे में बैटरी, जैक, रॉड, टर्मिनल और 500 रुपये नकद चोरी कर लिए।
रविवार की सुबह जब ट्रक चालकों ने अपने वाहनों के गेट खोले, तो उन्हें चोरी की भनक लगी। ट्रकों के हिस्से गायब देखकर चालकों ने तुरंत कुजू ओपी पुलिस को सूचना दी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल के दिनों में ट्रांसपोर्टनगर क्षेत्र में इस तरह की चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, लेकिन अब तक किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ट्रक चालकों ने पुलिस से रात में गश्ती बढ़ाने और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।