पतरातु के आम बगीचा से हथियार सहित पाण्डेय गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  मंगलवार  14/15 अक्टूबर 2025 की मध्यरात्रि में रामगढ़ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी । जब पुलिस ने पतरातु थाना क्षेत्र के ग्राम साकुल स्थित आम बगीचा में छापेमारी कर कुख्यात पाण्डेय गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार (भा.पु.से.) ने समाहरणालय परिसर स्थित अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे प्रकरण की जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि उन्हें रात करीब 12:25 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि पतरातु क्षेत्र में कुछ अपराधी संगठित होकर किसी बड़ी वारदात की साजिश रच रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु सहायक पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातु गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल गठित किया गया।

छापामारी टीम ने सशस्त्र बल के साथ आम बगीचा पहुँचकर क्षेत्र की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कुछ अपराधी भागने लगे, जिनमें से दो को खदेड़कर पकड़ लिया गया, जबकि चार अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़े गए दोनों अपराधियों की पहचान इरफान उर्फ रेहान उर्फ छोटू, पिता- ईरशाद, साकिन- पतरातु बस्ती, दूर्गा मंडप, थाना- पतरातु, जिला- रामगढ़ तथा राजेश साव उर्फ आर्यन, पिता- स्व. भुनेश्वर साव, साकिन- स्टेशन रोड, थाना- पतरातु, जिला- रामगढ़।

दोनों अपराधियों की तलाशी में 7.65 एमएम का लोडेड देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, तथा सफेद रंग का iPhone 16 मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे संगठित अपराधी गिरोह “पाण्डेय गैंग” से जुड़े हैं और 14 अक्टूबर की शाम पतरातु ब्लॉक निवासी स्व. जुगेश राम के पुत्र विशाल राम के साथ हुए विवाद के बाद, बदले की भावना से देर रात जानलेवा हमला करने की योजना बना रहे थे।

इस संबंध में पतरातु थाना कांड संख्या 249/2025, दिनांक 15.10.2025, धारा 111(2)(ii)/111(4)/61(2)(i) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इरफान उर्फ रेहान का आपराधिक इतिहास

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त इरफान उर्फ रेहान उर्फ छोटू के विरुद्ध पूर्व में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं—

  1. बड़कागांव थाना कांड सं. 174/2021 (धारा 354B, 323, 385, 387, 506 भा.दं.वि.)

  2. बरकाकाना (रेलवे) थाना कांड सं. 07/2021 (धारा 341, 323, 387, 504, 506, 34 भा.दं.वि.)

  3. पतरातु थाना कांड सं. 204/2020 (धारा 385, 387, 506 भा.दं.वि.)

छापामारी दल में शामिल अधिकारी व पुलिस कर्मी 

इस सफल अभियान में शामिल रहे अधिकारी एवं पुलिस कर्मी —

गौरव गोस्वामी, सहायक पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पतरातु

पु.अ.नि. शिवलाल कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी, पतरातु थाना

पु.अ.नि. मो. अख्तर अली, प्रभारी, भदानीनगर ओ.पी.

पु.अ.नि. विक्रम तिग्गा, पतरातु थाना

पु.अ.नि शेख अफजल हुसैन, पतरातु थाना तथा सशस्त्र बल के जवान

पुलिस ने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान जारी है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।