रामगढ़ जिला पेंशनर कल्याण समाज की बैठक में गांधी प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने की घटना की निंदा, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ जिला पेंशनर कल्याण समाज की एक विशेष बैठक सोमवार को अनुमंडल परिसर स्थित जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने की। बैठक की शुरुआत पिछली बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि से हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने रामगढ़ के गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर 2025 (रविवार) को गांधी चौक पर सर्वधर्म समन्वय समिति एवं सर्वोदय मंडल द्वारा गांधीवादी, वैज्ञानिक, पर्यावरणविद एवं मेगासेसे पुरस्कार से सम्मानित श्री सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी के विरोध में एक प्रदर्शन आयोजित किया गया था, जिसमें वे स्वयं भी शामिल थे।

श्री सिंह ने बताया कि जब वे लोग गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे, तो देखा कि गेट टूटा हुआ था और प्रतिमा क्षतिग्रस्त थी। इस पर तत्काल प्रदर्शन कार्यक्रम स्थगित कर पुलिस थाना जाकर थानाध्यक्ष को सूचना दी गई।

बैठक में उपस्थित सभी पेंशनरों ने इस कुकृत्य की कड़ी निंदा की और प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं नई प्रतिमा अविलंब स्थापित करने की मांग की।

सभा के अंत में संगठन की ओर से सभी जिला पेंशनरों एवं रामगढ़वासियों को धनतेरस, दीपावली, काली पूजा, गोवर्धन पूजा, चित्रगुप्त पूजा एवं छठ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

बैठक में उपाध्यक्ष वृंदावन सिंह, सचिव छोटू लाल मोदी, दिलीप साहा, शिव शंकर, सुधीर तिवारी, रामप्रसाद महतो, दूधेश्वर महतो, अशोक गुप्ता, नरेश साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।