छात्र हित में फैसला नहीं हुआ तो संत जेवियर कॉलेज रांची में होगी तालाबंदी : संकेत सुमन

Spread the love

संत जेवियर कॉलेज रांची में झारखंड एनएसयूआई का विरोध प्रदर्शन, 30% विद्यार्थियों को प्रमोशन से रोकने के फैसले पर आक्रोश

रांची, झारखंड : झारखंड NSUI ने गुरुवार को संत जेवियर कॉलेज, रांची के प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कॉलेज प्रशासन द्वारा सेमेस्टर-3 और सेमेस्टर-5 के करीब 30 प्रतिशत विद्यार्थियों को प्रमोशन से रोकने के निर्णय के विरोध में किया गया।

विरोध का नेतृत्व एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष सह संगठन प्रभारी संकेत सुमन ने किया। इस दौरान प्रदेश महासचिव रोहित पांडे, मुशर्रफ हुसैन, पवन नाग, रांची महानगर जिलाध्यक्ष सतीश केशरी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय अध्यक्ष आर्यन सहित कॉलेज के सैकड़ों विद्यार्थी और NSUI कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कॉलेज प्रशासन का यह निर्णय छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। विद्यार्थियों की उपस्थिति और परीक्षा परिणामों को देखते हुए प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।

लगातार चार घंटे चले इस विरोध के बाद उप प्राचार्य डॉ. फादर अजय मिंज ने NSUI प्रतिनिधियों और छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने एक दिन का समय लेते हुए कहा कि 16 अक्टूबर को कॉलेज प्रशासन की कोर कमेटी की बैठक में छात्रों की समस्याओं पर चर्चा की जाएगी और छात्र हित में फैसला लिया जाएगा।

संकेत सुमन ने चेतावनी दी कि यदि कॉलेज प्रशासन सत्र बैक का निर्णय वापस नहीं लेता है, तो NSUI आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कहा, “यदि छात्र हित में फैसला नहीं हुआ, तो कॉलेज के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन तालाबंदी की जाएगी और कॉलेज को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।”

इस प्रदर्शन में फ्रेंकलिन हजारों, डायमंड राज, अनुष्का, रोहित कुमार, कारण, रोनित कुमार, मानस रंजन सहित अनेक छात्र-छात्राएँ मौजूद रहीं।