किला मंदिर में 62वां सतचंडी व श्रीरामचरितमानस नवाह्परायण महायज्ञ शुरू, श्रद्धालुओं में उत्साह

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : बांके बिहारी राधा रानी किला मंदिर के प्रांगण में सोमवार से 62वां सतचंडी व श्रीरामचरितमानस नवाह्परायण महायज्ञ श्रीगणेश पूजन के साथ आरंभ होगा। इस महायज्ञ का आयोजन किला मंदिर प्रबंध समिति की देखरेख में किया जा रहा है।

संपत्ति समिति के अध्यक्ष अनुप कुमार उर्फ बाबू साहेब, महासचिव प्रो संजय प्रसाद सिंह और प्रधान पुजारी पंडित गोविंद बल्लभ शर्मा ने प्रेस वार्ता में महायज्ञ की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह वही परंपरागत महायज्ञ है, जिसकी शुरुआत सन 1963 में हुई थी और तब से निरंतर श्रद्धा और भक्ति की ज्योति जल रही है।

इस वर्ष महायज्ञ के आचार्य वैदिक कर्मकांडी सह ज्योतिषाचार्य पंडित गोविंद बल्लभ शर्मा होंगे, जबकि ब्रह्मा के रूप में पंडित मुरारी मोहन शर्मा रहेंगे। दस विद्वान ब्राह्मणों द्वारा सतचंडी पाठ और श्रीरामचरितमानस नवाह्परायण पाठ संपन्न होगा।

महायज्ञ में प्रतिदिन संकीर्तन, प्रवचन और आरती का विशेष कार्यक्रम रहेगा। आयोजन समिति ने मंदिर प्रांगण को आकर्षक रूप से सजाने की तैयारी पूरी कर ली है। यह महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में सदाचार, सद्भाव और आध्यात्मिकता का संदेश फैलाने का माध्यम भी है।