छठव्रतियों ने दिया अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य, छठ घाटों पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

Spread the love

छठ घाट पर रखे सूप व प्रसाद

झंडा चौक पर भगवान सूर्य की प्रतिमा के समक्ष सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी

रामगढ़, झारखंड : महापर्व छठ को लेकर सोमवार 27 अक्तूबर 2025 को जिले भर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। छठव्रतियों ने संध्या बेला में अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान रामगढ़ शहर समेत पूरे जिले के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

सांध्यकालीन अर्घ्य को लेकर दोपहर तीन बजे से ही छठव्रती परिवारों के साथ घाटों की ओर रवाना होने लगे। बाजे-गाजे और भक्ति गीतों के बीच छठव्रतियों ने नदी और तालाबों के तट पर पहुंचकर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया।

रामगढ़ शहर के दामोदर नदी छठ घाट, बिजुलिया तालाब छठ घाट, जारा टोला बांध छठ घाट और हरहरी नाला छठ घाट समेत कई स्थानों पर भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। विभिन्न छठ घाटों पर लाइटिंग, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंच और तोरणद्वार बनाए गए थे।

शहर के झंडा चौक में स्थापित भगवान सूर्य की प्रतिमा की पूजा अर्चना गिरीडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने की और एक छठव्रती के साथ मिलकर स्वागत द्वार का उद्घाटन किया। कई सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय लोगों ने छठव्रतियों के स्वागत के लिए प्रसाद और फल-फूल का वितरण भी किया।

भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक व्यवस्था चाक-चौबंद रही। मंगलवार 28 अक्तूबर को उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।