छठ पूजा के दौरान दर्दनाक हादसा, अर्घ्य देते वक्त महिला की मौत

Spread the love

केरेडारी (हजारीबाग), झारखंड : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान सोमवार की शाम हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र स्थित बेंगवरी घाट पर एक दर्दनाक घटना घट गई। छठव्रती मम्पी कुमारी (पिता – बुधन साव) अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाट पर डुबकी लगा रही थीं, तभी अचानक दिल का दौरा पड़ने से बेहोश होकर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मम्पी कुमारी कई वर्षों से श्रद्धा और नियमपूर्वक छठ का व्रत कर रही थीं।

बताया गया कि रविवार को भी केरेडारी प्रखंड के कराली गांव में दो मासूम बच्चियों की तालाब में डूबने से मौत हो गई थी। लगातार दो दिनों से हुई इन घटनाओं ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।