गोला में सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

Spread the love

दुर्घटना में मारा गया युवक

गोला (रामगढ़), झारखंड : गोला-सिकिदिरी मार्ग पर महादेव मंडा के समीप रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सहजू महतो (32 वर्ष), पिता महाबीर महतो, निवासी होहद गांव, दुलमी प्रखंड के रूप में हुई है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार सहजू महतो अपनी ग्लैमर बाइक (नंबर JH 24 C 5875) पर सवार होकर गोला बाजार से सब्जी और घरेलू सामान खरीद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में ढलाई का लिफ्ट ले जा रहे एक ट्रैक्टर से उनकी टक्कर हो गई। ट्रैक्टर से जुड़ा लोहे का एंगल लगभग डेढ़ से दो फीट बाहर निकला हुआ था, जो अंधेरे के कारण दिखाई नहीं दिया और सीधे युवक के पेट में जा लगा, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर थाना ले गई।

मृतक सहजू महतो अपने परिवार का इकलौता पुत्र था। उसके निधन से परिजनों में कोहराम मच गया है। वह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और एक मासूम पुत्र को छोड़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस हादसे की निष्पक्ष जांच और ट्रैक्टर मालिक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।