रामगढ़, झारखंड : श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश उत्सव को लेकर सोमवार, 4 नवंबर को रामगढ़ शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा की शुरुआत बिजुलिया स्थित जोली निवास से दोपहर 2 बजे हुई, जो पुराने बस स्टैंड, लोहार टोला, चट्टी बाजार, गोला रोड, झंडा चौक, थाना चौक और मेन रोड से होते हुए श्री गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर संपन्न हुई।
इस शोभायात्रा में पंजाब का गतका पार्टी और धनबाद के प्रसिद्ध गायक विक्की छाबड़ा मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। नगर कीर्तन के आगे घोड़े की व्यवस्था की गई थी, वहीं बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए ई-रिक्शा उपलब्ध कराया गया। शोभायात्रा में पंज प्यारे, महिलाएं और बच्चियां भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रही थीं। पंजाब से आए “हसदा बैंड” ने अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया।
गुरु महाराज की सवारी के आगे पाँच बच्चियां — गुरलीन कौर, तरनप्रीत कौर, हर्षित कौर, दमनप्रीत कौर और परमजीत कौर शामिल थीं। वहीं पंज प्यारों में सनप्रीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, गुनीत सिंह, रिंटू छाबड़ा और विकल कलर शामिल रहे।
शोभायात्रा में श्रद्धालु “कर किरपा तेरे गुण गावा, अमृत वेले बोल्या बबीहा” और “सब ते वड्डा सतगुरू नानक जिन कल राखी मेरी” जैसे शबद गाते हुए आगे बढ़ रहे थे।
शोभायात्रा का स्वागत :
शहर के विभिन्न स्थानों पर कई सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने पुष्पवर्षा और जलपान कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
उपस्थिति :
इस अवसर पर रामगढ़ गुरुद्वारा के प्रधान परमदीप सिंह कालरा, मीत प्रधान अमरजीत सिंह सैनी व् हैप्पी छाबड़ा, बलजीत सिंह बेदी, हरदीप सिंह होरा, रघुवीर सिंह छाबड़ा, देवेंद्र सिंह अरोड़ा, जोगेंद्र सिंह जग्गी, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
मुख्य कार्यक्रम 5 नवंबर को :
प्रकाश उत्सव का मुख्य आयोजन 5 नवंबर को श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल, रामगढ़ में किया जाएगा। सुबह का दीवान भाई सरबजीत सिंह एवं भाई लवप्रीत सिंह द्वारा किया जाएगा। सुबह 7:30 बजे अखंड पाठ की समाप्ति के बाद 10:30 से 2:45 बजे तक महान कीर्तन दरबार और गुरु का लंगर आयोजित होगा। रात्रि में गुरुद्वारा साहिब में 8:30 बजे से 12:00 बजे तक कीर्तन दरबार आयोजित किया जाएगा, जिसके उपरांत अटूट लंगर का आयोजन होगा।