बड़कागांव प्रखंड के महुगायेंकला पंचायत में सोशल ऑडिट टीम पर हमला, असामाजिक तत्वों ने प्रक्रिया में डाली बाधा

Spread the love

बड़कागांव ( हजारीबाग), झारखंड : मनरेगा सामाजिक अंकेक्षण के दौरान बड़कागांव प्रखंड के महुगायेंकला पंचायत में सोशल ऑडिट टीम के साथ दुर्व्यवहार और धमकी देने का मामला सामने आया है। सोशल ऑडिट यूनिट, हजारीबाग की टीम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को लिखित शिकायत देकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

सोशल ऑडिट यूनिट के जिला स्रोत व्यक्ति (District Resource Person) के अनुसार, 1 नवंबर से 7 नवंबर 2025 तक बड़कागांव प्रखंड के 11 पंचायतों में FY-2025-26 कैलेंडर के अनुसार सामाजिक अंकेक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में 6 नवंबर को महुगायेंकला पंचायत के राजस्व ग्राम अम्बाजित में आयोजित ग्रामसभा को असामाजिक तत्वों ने बाधित कर दिया।

शिकायत में बताया गया है कि सुबह लगभग 11:30 बजे ग्रामसभा की प्रक्रिया को रोकने की कोशिश की गई और लौटते समय टीम सदस्यों को रास्ते में रोककर गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी दी गई।

घटनाक्रम यहीं नहीं रुका। दोपहर 2 बजे पंचायत भवन में महुगायेंकला ग्रामसभा समाप्त होने के बाद फिर से दो लोग—दीपक सिंह (पिता: किसो सिंह) और गुडन सिंह (पिता: राजकुमार सिंह)—पंचायत भवन पहुँचे और सोशल ऑडिट टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया।

आरोप है कि दीपक सिंह ने महिला सदस्य मन्नू कुमारी के हाथ से सोशल ऑडिट रिपोर्ट छीनी, फोटो लेने की कोशिश की और रिपोर्ट को फाड़ने का प्रयास भी किया। सोशल ऑडिट टीम लीडर राजेश मुर्मू ने रिपोर्ट वापस लेने का प्रयास किया तो उन्हें धक्का दिया गया और जातिसूचक टिप्पणी करते हुए लोहे के पाइप से हमला करने का भी प्रयास किया गया।

किसी तरह टीम ने रिपोर्ट को सुरक्षित किया, लेकिन घटना से टीम के सदस्यों विशेषकर दोनों महिला सदस्यों में गहरा भय व्याप्त हो गया।

जिला स्रोत व्यक्ति ने प्रखंड विकास पदाधिकारी से अनुरोध किया है कि दोषियों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में सोशल ऑडिट टीम निर्भीक होकर अपना कार्य कर सके।

शिकायत की प्रतिलिपि उपायुक्त, उप विकास आयुक्त तथा झारखंड सोशल ऑडिट सोसायटी के निदेशक को भी भेजी गई है।