राज्य स्तरीय स्कूली बैंड प्रतियोगिता में रामगढ़, झारखंड की बेटियों का जलवा, मिला दूसरा स्थान

Spread the love

कप के साथ रामगढ़ की छात्रायें

रामगढ़, झारखंड : राज्यस्तरीय स्कूली बैंड प्रतियोगिता 2025 में रामगढ़ जिले की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार तथा झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रतियोगिता 7 नवंबर को खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित की गई।

प्रतियोगिता में सीएम एसओई कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कैथा (रामगढ़) की 25 सदस्यीय टीम ने भाग लिया। ग्रुप कैप्टन रानी कुमारी के नेतृत्व में टीम ने पाइप बैंड श्रेणी में प्रभावशाली प्रस्तुति दी और देशभक्ति गीतों की धुनों पर दर्शकों का मन जीतते हुए राज्य स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया।

जिला शिक्षा पदाधिकारीकुमारी नीलम ने इस उपलब्धि पर टीम को बधाई देते हुए कहा कि रामगढ़ जिला के लिए यह बेहद गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि शिक्षा विभाग, शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षकों और कस्तूरबा विद्यालय की टीम की संयुक्त मेहनत का परिणाम है।

जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार ने कहा कि जिले की बालिकाओं का लगातार बेहतर प्रदर्शन जिले को खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में नई पहचान दिला रहा है। उन्होंने कहा कि सिल्वर मेडल जीतने से अन्य बच्चों को भी प्रेरणा मिलेगी।

एडीपीओ नलिनी रंजन ने बताया कि बैंड टीम को सिख रेजिमेंट सेंटर, रामगढ़ के सूबेदार मेजर कुलवंत सिंह द्वारा विशेष प्रशिक्षण दिया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम प्रतियोगिता में साफ दिखा। उन्होंने कहा कि यह सफलता शुरुआत है और आने वाले समय में रामगढ़ जिला गोल्ड मेडल भी जीतेगा। साथ ही लक्ष्य रखा गया है कि आगे चलकर जिले के हर विद्यालय में बैंड टीम तैयार की जाए।

बधाई देने वालों में ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव सीडी सिंह, सूबेदार मेजर कुलवंत सिंह, एपीओ कुमार राज, इप्शिता तिर्की, वार्डेन अल्पना कुमारी, रीना चौधरी, पुष्पा कुमारी, प्रकाशवती कुमारी, शिक्षक मिथलेश रविदास, राजकुमार नायक, नागेश्वर महतो, सुमित्रा कुमारी, तजिंदर कौर, लवली विनीता, बलविंदर सिंह, कमल महतो, मनोज तिर्की, सोनू करमाली, शेखर कुमार, कुलदीप कुमार, रौशन करमाली, तेजू मुंडा, दीपक सिंह, गिरधारी महतो, प्रीति कुमारी सहित जिले भर के लोगों ने टीम को शुभकामनाएं दीं।