भुरकुंडा (रामगढ़), झारखंड :भुरकुंडा बाजार में दिन के उजाले में चोरी करने का प्रयास कर रहे एक युवक को दुकानदार ने रंगे हाथ पकड़ लिया और स्थानीय लोगों की मदद से उसे भुरकुंडा ओपी पुलिस के हवाले कर दिया। घटनास्थल साईं मंदिर के पास स्थित फूल दुकान बताया गया है, जहां युवक दुकान के गले से पैसे चोरी करने की कोशिश कर रहा था।
स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने बताया कि भुरकुंडा बाजार में आए दिन मोबाइल और पर्स चोरी की घटनाएँ हो रही हैं। चोरी की वारदातों में प्रायः नाबालिग बच्चे शामिल रहते हैं, जो गैंग बनाकर बाहर से आते हैं और पूरे दिन बाजार क्षेत्र में घूमते रहते हैं।
आज संडे बाजार होने के कारण भीड़-भाड़ अधिक थी, जिसका फायदा उठाकर चोरी की कोशिश की गई। फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए युवक को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है।