रामगढ़, झारखंड :टाउन हॉल के पास जिला अधिवक्ता संघ भवन निर्माण हेतु भूमि चिन्हित किए जाने की जानकारी मिलते ही जिला अधिवक्ता संघ, रामगढ़ ने कड़ा विरोध जताया। इस संबंध में संघ की एक आकस्मिक आमसभा बैठक संघ परिसर में संघ अध्यक्ष आनंद अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई।
अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने बताया कि भवन निर्माण विभाग द्वारा शुक्रवार को यह सूचना दी गई कि जिला अधिवक्ता संघ के लिए नया भवन टाउन हॉल के पास प्रस्तावित है। इस पर अधिवक्ताओं ने तुरंत आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रस्तावित स्थान व्यवहार न्यायालय, रामगढ़ से लगभग 2 किलोमीटर दूर है, जिससे दैनिक न्यायिक कार्यों में कठिनाई बढ़ेगी।
संघ का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त रामगढ़ से मिला और प्रस्तावित स्थल का विरोध दर्ज कराया। प्रतिनिधिमंडल ने सुझाव दिया कि वर्तमान अधिवक्ता संघ भवन की जमीन पर ही जी+4 मंजिला भवन बनाकर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ, या फिर संघ भवन के पीछे स्थित लगभग 14 एकड़ गैर मजरूआ सरकारी भूमि पर अधिवक्ता भवन का निर्माण किया जाए। उपायुक्त ने अधिवक्ताओं को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल अंचल अधिकारी, रामगढ़ से भी मिला और उनसे हस्तक्षेप की मांग की।
आज आयोजित आमसभा में अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि किसी भी परिस्थिति में वर्तमान भवन से संघ का कार्यालय अन्यत्र स्थानांतरित नहीं होने दिया जाएगा और न ही अधिवक्ता न्यायालय परिसर से दूर किसी अन्य भवन में बैठकर न्यायिक कार्य करेंगे। अधिवक्ताओं ने यह भी तय किया कि वे जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों, मुख्यमंत्री के संबंधित सचिव, स्थानीय सांसद और विधायक से मिलकर अपनी आपत्तियाँ दर्ज कराएँगे। यदि प्रशासन ने उनकी मांगें नहीं मानीं, तो संघ चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा।
संघ के महासचिव सीताराम ने अधिवक्ताओं से एकजुट रहने और न्यायालय परिसर के सामने ही नया बार भवन बनाए जाने के समर्थन में आगे आने की अपील की।
बैठक में संघ के उपाध्यक्ष ऋषि महतो, कोषाध्यक्ष हरखनाथ महतो, संयुक्त सचिव शंभूनाथ प्रसाद सहित अनेक अधिवक्ताओं—अनुज सिन्हा, भोला ठाकुर, सतीश महतो, राजकुमार गुप्ता, हलदर महतो, अमर कुमार, पंचम महतो, राजेंद्र महतो, जगत महतो, दिलीप दांगी, संतोष उपाध्याय, दीपक शाह, आशुतोष, राजेश कुमार, पवन सिंह, हीरालाल महतो आदि—ने अपने विचार रखे। इस मौके पर नौशाद अहमद, नौशाद आलम, गुलाब चंद्र अग्रवाल, झलकदेव महतो, दीपक रंजन, महेंद्र कुमार, संजीव, अरविंद कुमार, आशुतोष कुमार, सुरेश महतो, शंकर बांका, मोहम्मद सलीम, डी.एन. सिंह सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित थे।