रामगढ़, झारखंड :राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 12 नवंबर से 28 नवंबर तक सदर अस्पताल रामगढ़ के ब्लड बैंक में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार उपायुक्त श्री फैज एक अहमद मुमताज के नेतृत्व में इस कार्यक्रम की शुरुआत बुधवार को उप विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल ने की।
श्री अग्रवाल ने शिविर का उद्घाटन करते हुए कहा कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित है और आकस्मिक परिस्थितियों में किसी की जान बचाने का यह सबसे मानवीय कार्य है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से शरीर में नई लाल रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, जिससे हृदय स्वास्थ्य बेहतर रहता है और आयरन का संतुलन बना रहता है। उन्होंने जिलेवासियों, विद्यार्थियों, सीसीएल, टाटा सहित सभी संस्थानों से बढ़-चढ़कर रक्तदान में भाग लेने की अपील की।
शिविर के पहले दिन कुल 45 लोगों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
विशेषज्ञों के अनुसार, नियमित रक्तदान से हृदय रोग और स्ट्रोक का खतरा कम होता है, शरीर में मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है और लगभग 650 कैलोरी तक बर्न होती हैं। यह न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है बल्कि जरूरतमंदों के जीवन को बचाने का भी एक महान कार्य है।
इस मौके पर परियोजना पदाधिकारी जिला परिषद श्री फणीन्द्र कुमार गुप्ता, परियोजना पदाधिकारी मनरेगा श्रीमती अनुजा राणा, डॉ. निशात अहमद, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष श्री ब्रह्मदेव महतो, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी श्री विजय कुमार, विक्टोरिया कच्छप सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।