इनर व्हील क्लब रामगढ़ ने ई-वेस्ट रीसाइक्लिंग के लिए शुरू की पर्यावरण अनुकूल पहल

Spread the love

रामगढ, झारखंड :  इनर व्हील क्लब रामगढ़ ने ई-वेस्ट रिसाइक्लिंग के लिए जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सराहनीय पहल की। क्लब ने होल्लाडेक कंपनी, जो ई-वेस्ट मैनेजमेंट का कार्य करती है, के सहयोग से पुराने और खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को पर्यावरण अनुकूल विधि से रीसाइक्ल करने की मुहिम शुरू की।

कार्यक्रम के दौरान क्लब सदस्यों ने अपने घरों, विद्यालयों और आस-पास के इलाकों से पुराने मोबाइल, चार्जर, कंप्यूटर पार्ट्स, ट्यूब लाइट, बैटरी जैसे ई-वेस्ट एकत्र किए और उन्हें सुरक्षित रूप से होल्लाडेक कंपनी को सौंपा, ताकि उनका पुनर्चक्रण वैज्ञानिक और सुरक्षित तरीके से किया जा सके।

क्लब अध्यक्ष नमिता श्रॉफ ने कहा कि ई-वेस्ट की रीसाइक्लिंग पर्यावरण संरक्षण के लिए अत्यंत आवश्यक है। यदि ई-वेस्ट को खुले में फेंक दिया जाए तो इससे मिट्टी, जल और वायु प्रदूषित होते हैं। ई-वेस्ट में मौजूद सीसा, पारा और कैडमियम जैसे हानिकारक तत्व पर्यावरण में घुलकर मानव, पशु-पक्षियों और फसलों के लिए गंभीर खतरा पैदा करते हैं। उन्होंने बताया कि रीसाइक्लिंग से न केवल पर्यावरणीय प्रदूषण घटता है, बल्कि सोना, तांबा, एल्युमिनियम जैसी कीमती धातुएं दोबारा उपयोग में लाई जा सकती हैं।

इस मौके पर जनेशा वडेरा, अनुराधा श्रॉफ, रंजू अग्रवाल, नीरु साहनी, दीपा वडेरा, मनबीर कौर और नीति अरोरा सहित कई सदस्य उपस्थित रहीं।