रामगढ़, झारखंड :बाल दिवस के अवसर पर रामगढ़ कैंट के प्रधान डाकघर में “बाल चौपाल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों का आधार कार्ड बनाया गया और कई बच्चों के आधार में सुधार भी किया गया। कार्यक्रम के तहत बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र एवं माता-पिता के आधार कार्ड के अनुसार उनकी जन्म तिथि, माता-पिता का नाम और पता सही ढंग से दर्ज किया गया।
कार्यक्रम में कई आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविका और सहायिका अपने बच्चों के साथ पहुंचीं और आधार सुधार एवं नए आधार कार्ड बनवाए। प्रधान डाकघर में आधार पंजीकरण और सुधार का कार्य अंजय कुमार द्वारा किया गया।
बाल दिवस के इस विशेष अवसर पर बच्चों को चॉकलेट भी वितरित की गई। सहायक पोस्टमास्टर रविशंकर राय ने आधार बनवाने आए सभी बच्चों को चॉकलेट देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में पोस्टमास्टर मनोज कुमार, सहायक पोस्टमास्टर रविशंकर राय, मार्केटिंग प्रभारी ब्रजनंदन कुमार सहित कई डाक कर्मियों ने सक्रिय सहयोग किया। पूरा कार्यक्रम बच्चों के हित में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।