रामगढ, झारखंड : कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन (KIO) एवं स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ़ झारखंड (SKAJ) के संयुक्त तत्वावधान में आज रामगढ़ जिला, झारखंड में दो दिवसीय रेफरी, जज एवं कोच सेमिनार तथा परीक्षा का शुभारंभ हुआ।
सेमिनार में प्रतिभागियों को विश्व कराटे महासंघ (World Karate Federation – WKF) के नवीन नियमों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन के अंतर्गत कल रेफरी, जज और कोच की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
सेमिनार का संचालन हांशी प्रेमजीत सेन, चेयरमैन रेफरी आयोग (KIO) एवं रेफरी – WKF द्वारा किया जा रहा है। इस अवसर पर झारखंड के विभिन्न जिलों से कराटे प्रशिक्षक, निर्णायक और रेफरी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।
यह आयोजन स्पोर्ट्स कराटे एसोसिएशन ऑफ़ झारखंड (SKAJ) के अध्यक्ष मानस सिन्हा तथा सचिव सेंसाई हेजाज़ असदक (निर्णायक, एशियाई कराटे महासंघ) के मार्गदर्शन में वर्ल्ड कराटे फेडरेशन के कुमिते नियमों के अनुसार प्रारंभ हुआ।
इस सेमिनार की मेजबानी रामगढ़ जिला कराटे डो संघ द्वारा की जा रही है। संघ के अध्यक्ष नरेन्द्र सिन्हा, सचिव शिहान शशि पांडेय, कोषाध्यक्ष उदय कुमार, शिहान रंजीत मेहता और सेंसाई संजय सोनकर भी मौजूद रहे।
SKAJ अध्यक्ष हांशी मानस सिन्हा और सचिव सेंसाई हेजाज़ असदक ने KIO अध्यक्ष हांशी भारत शर्मा एवं महासचिव क्योशी संजीव कुमार जांगड़ा के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने झारखंड को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी।
यह सेमिनार झारखंड के कराटे इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। इससे राज्य के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रगति के नए अवसर प्राप्त होंगे।