मांडू : पुंडी परियोजना क्षेत्र में बिरसा टोला व रावड़ी देवी मोड़ के पास अवैध मुहानों को किया गया बंद, ग्रामीणों ने किया विरोध

Spread the love

मांडू ( रामगढ ), झारखंड : पुंडी परियोजना अंतर्गत बिरसा टोला और रावड़ी देवी मोड़ के समीप स्थित अवैध मुहानों को शुक्रवार को जेसीबी मशीन की मदद से बंद किया गया। परियोजना प्रबंधन द्वारा यह कार्रवाई अवैध खनन को रोकने के उद्देश्य से की गई।

अवैध मुहाने बंद करने की प्रक्रिया शुरू होते ही स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध जताया और जेसीबी मशीन को रोक दिया। कुछ समय के लिए कार्रवाई बाधित रही। बाद में अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया, जिसके बाद पुनः मुहानों को बंद करने का कार्य शुरू किया गया और सफलतापूर्वक पूरा हुआ।

मौके पर परियोजना पदाधिकारी राम प्रवेश पासवान, परियोजना सिक्योरिटी इंस्पेक्टर राम प्रसाद बेदिया, एरिया सुरक्षा प्रभारी की टीम, तथा पुंडी परियोजना के माइनिंग स्टाफ — शमशाद अली, मैनेजर चंद्र मनीष, राजेंद्र कुमार महतो, बृजेंद्र कुमार यादव, उत्तम बहाराम मांझी आदि उपस्थित थे।

अधिकारियों ने कहा कि अवैध खनन से परियोजना और क्षेत्र दोनों को नुकसान होता है, इसलिए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।