बड़ी मात्रा में जावा महुआ व शराब बरामद
रामगढ़, झारखंड : सहायक आयुक्त उत्पाद श्रीमती बिमला लकड़ा के निदेशानुसार सोमवार को उत्पाद विभाग, रामगढ़ द्वारा रजरप्पा थाना क्षेत्र के पोटमदगा, दुलमी तथा रामगढ़ थाना क्षेत्र के राधा लाइन होटल, मां काली लाइन होटल, कांकेबार समेत कई स्थानों पर सघन एवं व्यापक छापामारी अभियान चलाया गया।
छापामारी के दौरान कई अवैध शराब की भट्टियों को नष्ट किया गया। मौके से लगभग 800 किलोग्राम जावा महुआ, 60 लीटर महुआ शराब तथा 7 लीटर बीयर बरामद की गई। उत्पाद विभाग की कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
उक्त अभियान के तहत पोटमदगा निवासी उदय साव, गौना साव, विजय साव, नागेंद्र साव, माना साव तथा कांकेबार निवासी रामचंद्र महतो के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की धारा 47 (a) के तहत फरार अभियोग दर्ज किया गया है।
वहीं पोटमदगा निवासी प्रदीप कुमार साव को गिरफ्तार किया गया।
यह पूरी कार्रवाई अवर निरीक्षक उत्पाद कांग्रेश कुमार के नेतृत्व में अवर निरीक्षक उत्पाद अमित प्रसाद तथा प्रतिनियुक्त गृह रक्षक जवानों के सहयोग से की गई।
उत्पाद विभाग ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।