रजरप्पा, झारखंड: रजरप्पा। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के चेयरमैन-cum-मैनेजिंग डायरेक्टर (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह ने शनिवार को रजरप्पा क्षेत्र का महत्वपूर्ण निरीक्षण दौरा किया। उनके साथ रजरप्पा क्षेत्र के महाप्रबंधक राजीव सिंह भी मौजूद रहे।
सीएमडी ने रजरप्पा ओपन कास्ट माइंस का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान प्रोजेक्ट ऑफिसर, रजरप्पा प्रोजेक्ट लल्लन कुमार राय, प्रोजेक्ट ऑफिसर, रजरप्पा वाशरी उमेश कुमार, स्टाफ अधिकारी (खनन) गौतम नाथ, एरिया सर्वे ऑफिसर पबित्रो मुखर्जी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं खदान कर्मी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक राजीव सिंह ने सीएमडी का स्वागत पुष्पगुच्छ और शॉल देकर किया। सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के लिए अपनाए जाने वाले तकनीकी व प्रबंधन उपायों पर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने वर्षांत निकट होने के मद्देनज़र उत्पादन लक्ष्य को तेजी और गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।
सीएमडी ने कहा कि रजरप्पा क्षेत्र सीसीएल के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है। इसके उत्पादन में वृद्धि से कंपनी के वार्षिक प्रदर्शन और आर्थिक परिणामों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने सुरक्षा मानकों के पालन, खदान संचालन की दक्षता, मशीनरी की उपलब्धता और पर्यावरण संतुलन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के बाद सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने रजरप्पा स्थित प्रसिद्ध माँ छिन्नमस्ता मंदिर में पूजा कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया।