रामगढ़ की बेटियां खो-खो में बनीं चैंपियन, जिला भर में जश्न का माहौल

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : राज्यस्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में रामगढ़ जिले की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना परचम लहराया है। खेलगांव स्थित प्रैक्टिस मैदान में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार तथा झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के तत्वावधान में आयोजित अंडर-14, 17 और 19 बालक/बालिका वर्ग की राज्यस्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का सोमवार को भव्य समापन हुआ।

इस प्रतियोगिता में अंडर-17 बालिका वर्ग में रामगढ़ जिला की टीम ने पूर्वी सिंहभूम को पराजित कर राज्य की चैंपियन बनकर इतिहास रच दिया। वहीं अंडर-14 बालिका वर्ग में रामगढ़ जिला उपविजेता रहा। दोनों टीमों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले के खेल जगत, शिक्षा विभाग और स्थानीय लोगों में खुशी और गर्व का माहौल है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने चैंपियन टीम को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों, शिक्षकों और प्रशिक्षकों की मेहनत ने जिले को गौरवान्वित किया है। जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार ने कहा कि ‘खेलो झारखंड’ प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए बड़ा मंच प्रदान करती है। अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन ने कहा कि बेटियों की सफलता जिले के शारीरिक शिक्षा शिक्षक, कोच, मैनेजर और संपूर्ण विभागीय टीम का सामूहिक परिणाम है।

बधाई देने वालों में बीईईओ सुलोचना कुमारी, प्रभाकर कुमार, ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव सीडी सिंह, एपीओ कुमार राज, इप्शिता तिर्की, रामप्रकाश महतो, रवींद्र कुमार, नागेश्वर महतो, सुचिता तिर्की, कुलदीप कुमार, मिथलेश कुमार रविदास, खेमन लाल महतो, सरफराज खान, मनोज तिर्की, बलविंदर सिंह, सोनू करमाली, रौशन करमाली, प्रियंका कुमारी, रवींद्र दुबे, मो. कमरुद्दीन, रवींद्र कुमार, तेजू मुंडा, आशीष कुमार, शेखर कुमार, दीपक कुमार सिंह, सुनील कुमार महतो, मनोज कुमार, मदन महतो सहित जिले भर के सभी शिक्षक और खेल प्रेमियों ने हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।